
Bokaro: बोकारो में लगातार हो रही बारिश के बीच जर्जर आवासों को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के 6B स्थित आवास संख्या 1127 से 1135 ब्लॉक में शुक्रवार को सीढ़ी की रेलिंग अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई।

राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सीढ़ी का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण ऊपर के आवासों में रहने वाले चार परिवारों के बाहर निकलने का रास्ता प्रभावित हो गया।

लोगों को सुरक्षित निकालने की तैयारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। ऊपर फंसे परिवारों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त सीढ़ी की मरम्मत का काम भी शुरू कराया गया है।
दो महीने में चौथी घटना
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण जर्जर आवासों की हालत और खराब हो रही है। पिछले करीब दो महीनों में जर्जर आवासों के क्षतिग्रस्त होने की यह चौथी घटना बताई जा रही है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इन आवासों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मौके पर पहुंचे City DSP
घटना की जानकारी मिलने के बाद City DSP राजीव रंजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और बताया कि पुलिस और नगर प्रशासन की टीम लगातार हालात पर नजर रख रही है। लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।


