
Koderma: कोडरमा के सदर थाना इलाके से कानून को हाथ में लेने और हैवानियत की हदें पार करने वाली खबर सामने आई है। यहां तीन नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर बिजली के पोल से बांध दिया गया और फिर उनकी जमकर पिटाई की गई। हद तो तब हो गई जब इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

एक लड़की के घर मिले थे दो नाबालिग लड़के
यह पूरी घटना सोमवार की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, गांव की ही एक नाबालिग लड़की के घर पर दो नाबालिग लड़के पहुंचे थे। ग्रामीणों को जब इस बात की भनक लगी, तो मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने बिना सोचे-समझे तीनों नाबालिगों को रस्सी से बिजली के खंभे में बांध दिया और उनके साथ जमकर मारपीट की।

वायरल वीडियो से हरकत में आई पुलिस
पिटाई के दौरान तमाशबीन बने कुछ लोगों ने अपने मोबाइल से इस पूरी करतूत को कैद कर लिया। बाद में यह वीडियो फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल होने लगा। जैसे ही यह खौफनाक वीडियो पुलिस के नजरों में आया, पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और तुरंत एक्शन मोड में आ गई।
100 से ज्यादा ग्रामीणों पर पोक्सो एक्ट समेत दर्ज हुई FIR
सदर थाना पुलिस ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कानून हाथ में लेने वाले 100 से ज्यादा अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और आईटी एक्ट (IT Act) जैसी बेहद सख्त और संगीन धाराएं लगाई गई हैं।
चेहरों की पहचान में जुटी पुलिस, जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस अब वायरल वीडियो को आधार बनाकर घटना में शामिल एक-एक आरोपी की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने और नाबालिगों के साथ ऐसा बर्बर बर्ताव करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। वीडियो के जरिए भीड़ में शामिल लोगों के चेहरों को स्कैन किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


