
Bokaro: बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआर गांव स्थित एस पौंड में पोकलेन मशीन में तोड़फोड़ करने और चालकों की झोपड़ी उजाड़ने की घटना अब तूल पकड़ती जा रही है। यह पूरा मामला अब सीधे बोकारो SP के दरबार तक पहुंच गया है। भाकपा नेता राजू दुबे ने इस उपद्रव को लेकर SP को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा है और घटना में शामिल तमाम उपद्रवियों और साजिशकर्ताओं के खिलाफ अविलंब कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

रंगदारी वसूलने के लिए विस्थापितों के रोजगार पर हमला, राजू दुबे ने लगाए आरोप
शिकायत सौंपने के बाद भाकपा नेता राजू दुबे ने सीधा आरोप लगाया कि कुछ आपराधिक और स्वार्थी तत्व अवैध रंगदारी वसूलने की नीयत से विस्थापित युवाओं के रोजी-रोजगार पर हमला बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विस्थापितों के हक और औद्योगिक शांति के साथ किसी भी सूरत में खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रंगदारी और गुंडागर्दी के खिलाफ जोरदार तरीके से आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने प्रशासन से दो टूक मांग की कि क्षेत्र में औद्योगिक माहौल और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कड़े और ठोस कदम उठाए।

मंगलवार की रात अज्ञात बदमाशों ने मचाया था उत्पात, चालकों में दहशत
गौरतलब है कि मंगलवार की देर रात महुआर एस पौंड में छाई अनलोडिंग के काम में जुटी पोकलेन मशीन पर अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया था। उपद्रवियों ने मशीन के शीशे और पार्ट्स तोड़ डाले थे। इसके साथ ही मौके पर मौजूद पोकलेन और हाइवा चालकों की अस्थाई झोपड़ी को भी पूरी तरह उखाड़कर फेंक दिया गया था। इस अप्रत्याशित हमले और उत्पात के बाद से इलाके में काम कर रहे ड्राइवरों और सुपरवाइजरों के बीच भारी खौफ का माहौल बना हुआ है। अब देखना होगा कि SP के संज्ञान में मामला आने के बाद हरला थाना पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन पर क्या कानूनी शिकंजा कसती है।


