
Chaibasa: चाईबासा जिले के गोईलकेरा हाट मैदान स्थित शक्तिस्थल पर जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले शहीद देवेंद्र माझी की 32वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समर्थकों और अनुयायियों ने पुष्प अर्पित कर महान जननायक को नमन किया।

मंत्री, MP और कई MLA ने दी श्रद्धांजलि
आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्य के राजस्व, भूमि सुधार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, सिंहभूम MP जोबा माझी, मझगांव MLA निरल पुरती, चक्रधरपुर MLA सुखराम उरांव, मनोहरपुर MLA जगत माझी और नगर परिषद चक्रधरपुर के अध्यक्ष सन्नी उरांव समेत कई जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

रूपी सोरेन के निधन के कारण नहीं हुई जनसभा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन के कारण इस वर्ष शहादत दिवस पर विशाल जनसभा का आयोजन नहीं किया गया। कार्यक्रम को पूरी सादगी के साथ संपन्न किया गया। इस दौरान मंच पर उपस्थित मंत्री, MP और विधायकों ने स्वर्गीय रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में MP जोबा माझी ने सारंडा-पोड़ाहाट के सुदूरवर्ती गांवों से आए अनुयायियों को स्थानीय ‘हो’ भाषा में संबोधित किया।


