
Giridih: पीएमसीएच में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के चार दिन बीत जाने के बाद भी मुफ्फसिल थाना पुलिस इस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच पाई है कि शुभम की मौत स्वाभाविक थी या उसकी हत्या की गई है। पुलिस की इस सुस्त जांच से परिजनों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

फैक्ट्री मालिक और कर्मचारी हिरासत में
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस पिछले चार दिनों से लगातार भोरंडीहा निवासी फैक्ट्री मालिक कृष्णा साहू और उनके फैक्ट्री कर्मी रवि को थाने की हाजत में रखकर पूछताछ कर रही है। हालांकि शुरुआती जांच के दौरान हिरासत में ली गई एक महिला समेत दो अन्य लोगों को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया था, लेकिन कृष्णा साहू और रवि अब भी पुलिस की हिरासत में ही हैं।

हर रोज भराया जा रहा बांड
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले चार दिनों से दोनों व्यक्तियों से पुलिस द्वारा मुक्त करने का बांड भरवा लिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें फिर से हिरासत में रख लिया जाता है। दोनों के परिजन रोजाना मुफ्फसिल थाने पहुंच रहे हैं और उनसे मुलाकात कर रहे हैं। परिजनों को हर दिन यह आश्वासन दिया जा रहा है कि आज पूछताछ पूरी कर उन्हें छोड़ दिया जाएगा, लेकिन मंगलवार तक दोनों पुलिस हिरासत में ही मौजूद थे।
परिजनों को रिपोर्ट और स्पष्ट खुलासे का इंतजार
शुभम के परिजन और स्थानीय लोग इस पूरी घटना पर पुलिस से पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के स्पष्ट नतीजों के बिना पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है, जिससे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।


