
Ranchi: रांची के बिरसा चौक इलाके में पुलिस ने हथियारों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे सूचना मिली थी कि इंडियन ऑयल इंद्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के आसपास बाइक सवार तीन लोग हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।

सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने टीम गठित की और पेट्रोल पंप के पास पहुंचकर संदिग्ध बाइक सवारों को हिरासत में लिया।

तलाशी में पिस्टल और कट्टा बरामद
पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक लाल-काले रंग की पल्सर 220 मोटरसाइकिल पर सवार थे। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोलियां बरामद हुईं। इसके अलावा एक खाली मैगजीन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
इस मामले में जगन्नाथपुर थाना कांड संख्या 281/26, दिनांक 19 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
तीनों की पहचान सामने आई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा, निवासी शास्त्री चौक, सुखदेवनगर, संदीप कुमार प्रसाद उर्फ ढ़ाबुस, निवासी गंगानगर, सुखदेवनगर और रोहित कुमार सिंह, निवासी शास्त्री चौक, जतरा मैदान के पास, सुखदेवनगर के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड में पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट और अन्य धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आकाश कुमार वर्मा, संदीप कुमार प्रसाद और रोहित कुमार सिंह के नाम अलग-अलग वर्षों में दर्ज कई मामलों में सामने आए हैं।
हालांकि, इन पुराने मामलों का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर किया गया है और इन मामलों में आरोपों की अंतिम स्थिति संबंधित न्यायिक प्रक्रिया पर निर्भर करती है।
छापेमारी टीम में शामिल रहे पुलिसकर्मी
कार्रवाई करने वाली टीम में पुलिस अवर निरीक्षक अशोक प्रसाद, राजीव कुमार रंजन, सत्यवीर, पंकज कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रतन लाल हांसदा समेत जगरनाथपुर थाना के सशस्त्र बल और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


