
Digital Desk Naxatra Samachar: राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और कलेजा कंपा देने वाली खबर सामने आई है। सुखदेवनगर के कुमार टोली चुना भट्ठा, श्री नारायण प्रजापति पथ के रहने वाले 26 वर्षीय योगा टीचर राजा कुमार वर्मा की वियतनाम में एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। राजा कुमार वर्मा पिछले कुछ समय से वियतनाम में योगा टीचर के रूप में काम कर रहे थे और वहां के लोगों को योग का प्रशिक्षण देते थे। घटना की खबर मिलते ही उनके घर और पूरे इलाके में मातम छा गया है।

क्लास लेकर लौटते वक्त अनियंत्रित हुई स्कूटी
हादसे के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक राजा कुमार वर्मा वियतनाम में एक निजी घर में योग की क्लास देकर अपनी स्कूटी से वापस दफ्तर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही एक कार से जोरदार तरीके से टकरा गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि राजा कुमार वर्मा को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

सोमवार शाम तक पार्थिव शरीर रांची पहुंचने की उम्मीद
इस भयानक हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद राजा कुमार वर्मा के पार्थिव शरीर को वियतनाम से वापस भारत लाने की कागजी और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों और वहां मौजूद संबंधित अधिकारियों की मदद से सभी औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि यदि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं तो सोमवार शाम तक उनका पार्थिव शरीर विमान के जरिए रांची पहुंच जाएगा।
26 साल के होनहार युवा राजा कुमार वर्मा के आकस्मिक निधन की खबर से सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास और आसपास के पूरे इलाके में गहरा शोक व्याप्त है। पड़ोसी और रिश्तेदार शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। फिलहाल परिजन और स्थानीय लोग बेहद भारी मन से उनके पार्थिव शरीर के रांची पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।


