
Jadugora: जादूगोड़ा स्थित यूसिल के सात यूरेनियम प्रोजेक्ट्स में कार्यरत लगभग पांच हजार ठेका मजदूरों के बकाया अर्जित अवकाश और भाटीन माइंस के 200 ठेका कर्मियों के बोनस भुगतान के मुद्दे पर मजदूर लामबंद हो गए हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर झामुमो नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य बाघराय मार्डी की अध्यक्षता में माटीगोंडा स्थित पार्टी कार्यालय में देर शाम एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए आगामी 19 अक्टूबर से यूसिल की सभी इकाइयों में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का बड़ा ऐलान कर दिया गया।

नौ महीने से बकाया भुगतान को टाल रहा प्रबंधन
बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने कहा कि यूसिल के उपमहाप्रबंधक राकेश कुमार को करीब नौ महीने पहले ही ठेका कर्मचारियों के वर्ष 2025 के बकाया अर्जित अवकाश के संबंध में अवगत कराया गया था। अपनी इस जायज मांग को लेकर मजदूरों को बीते 14 और 15 जनवरी 2026 को भी हड़ताल का रास्ता चुनना पड़ा था। उस समय प्रबंधन ने भरोसा दिलाया था, लेकिन इतने महीने बीत जाने के बाद भी मजदूरों का भुगतान लटका कर रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूसिल प्रबंधन लगातार झूठे आश्वासन देकर मामले को उलझाए रखने की नीति अपना रहा है।

18 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम, वरना ठप होगा काम
बाघराय मार्डी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यूसिल प्रबंधन को बकाया अर्जित अवकाश के भुगतान और भाटीन के ठेका श्रमिकों के बोनस की मांग को पूरा करने के लिए 18 अक्टूबर तक का अंतिम समय दिया गया है। यदि तय समय सीमा के भीतर प्रबंधन ने मजदूरों की जायज मांगें नहीं मानीं, तो आगामी 19 अक्टूबर से यूसिल की सभी इकाइयों में ठेका मजदूर कामकाज पूरी तरह बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इस बैठक में जादूगोड़ा, भाटीन, नरवा पहाड़, बागजाता और तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट से आए बड़ी संख्या में ठेका मजदूरों ने अपनी भागीदारी निभाई।


