
Chatra: चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और उलझा हुआ मामला सामने आया है, जिसने इलाके के लोगों को सन्न कर दिया है। करमा चौक स्थित एक मेडिकल हॉल में इलाज कराने के बाद एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। मासूम की मौत के बाद भड़के परिजनों ने मेडिकल दुकान के संचालक अरुण कुमार दांगी पर गलत दवा देने का गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इलाज के 5 मिनट बाद बिगड़ी हालत, बाल्टी में गिरा मासूम
मृतक के पिता के अनुसार, वे सुबह बच्चे को खांसी और बुखार की शिकायत पर इलाज के लिए अरुण दांगी के पास लाए थे। वहां से दवा लेकर जब वे घर पहुंचे और बच्चे को दवा पिलाई, तो महज पांच मिनट के भीतर ही बच्चा दर्द से तड़पने लगा। घबराहट और बेचैनी में बच्चा पास ही रखी पानी से भरी बाल्टी में जा गिरा, जिससे हड़कंप मच गया। दूसरी ओर, मेडिकल संचालक अरुण दांगी ने आरोपों को खारिज करते हुए अपनी सफाई दी है। उनका कहना है कि शाम करीब 3:30 बजे परिजन बच्चे को लेकर दोबारा आए थे और उन्होंने खुद बताया था कि बच्चा पानी में डूब गया है। बच्चे का पेट फूला हुआ देखकर उन्होंने प्राथमिक स्तर पर ही उसे तुरंत हजारीबाग रेफर कर दिया था।

पेट फूला हुआ था, डॉक्टर ने सुनाया बाल्टी में डूबने वाला ऑडियो
घटना की सूचना मिलते ही मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर सड़क से जाम हटवाया। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए मेडिकल संचालक को हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी। इसी बीच पूछताछ के दौरान संचालक ने पुलिस अधिकारियों के सामने एक ऑडियो क्लिप पेश की। इस ऑडियो क्लिप में बच्चे के बाल्टी में डूबने की बात कही जा रही थी। इस अहम सबूत को देखने और सुनने के बाद पुलिस ने फिलहाल मेडिकल संचालक को छोड़ दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का सच, जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी राहुल दुबे ने बताया कि मामला काफी उलझा हुआ है। बच्चे की मौत गलत दवा के रिएक्शन से हुई है या पानी में डूबने के कारण, यह पूरी तरह से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।


