
Ranchi: राजधानी रांची के हरमू पार्क में स्थापित जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा की गई अशोभनीय हरकत के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। प्रतिमा पर कालिख पोतने और आपत्तिजनक टिप्पणी लिखने की इस घटना से आक्रोशित भारतीय जनता पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल सीधे अरगोड़ा थाने पहुंचा। पार्टी नेताओं ने अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ से कार्यकर्ताओं में उबाल

हरमू पार्क में रविवार को असामाजिक तत्वों ने डॉ मुखर्जी की आदमकद प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने और अपमानित करने का प्रयास किया। जैसे ही प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोते जाने और आपत्तिजनक बातें लिखे जाने की सूचना फैली, कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश फैल गया। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह कृत्य सिर्फ एक प्रतिमा का अपमान नहीं है, बल्कि देश की वैचारिक और सांस्कृतिक चेतना को खुला चैलेंज है। घटना के तुरंत बाद कार्यकर्ताओं ने पार्क में पहुंचकर प्रतिमा को धोकर साफ किया।
दीपक प्रकाश ने कानून व्यवस्था पर साधा निशाना
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक नवीन जायसवाल, बालमुकुंद सहाय और गणेश मिश्रा सहित वरिष्ठ नेताओं ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की। नेताओं ने कहा कि डॉ मुखर्जी राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं और उनके विचारों को मिटाया नहीं जा सकता। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर सीधा सवाल उठाते हुए कहा कि असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि वे महापुरुषों के स्मारकों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पार्टी सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन करेगी।
अरगोड़ा थाने में कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज
इस मामले में BJP हरमू मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत यादव के लिखित आवेदन पर अरगोड़ा थाने में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं और प्रिवेंशन ऑफ इन्सल्ट टू नेशनल ऑनर एक्ट 1971 के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस से पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और दोषियों को तत्काल दबोचने की मांग की गई है। इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से प्रतुल शाहदेव, राकेश प्रसाद, नीरज कुमार, वरुण साहू और रमेश सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


