
भागलपुर: विक्रमशिला सेतु (Vikramshila Setu) पर बुधवार की मध्य रात्रि से वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद हो जाएगा। पुल पर स्थायी निर्माण कार्य शुरू होने के कारण यह व्यवस्था की जा रही है। पुल बंद रहने के दौरान भागलपुर और नवगछिया के बीच यात्रियों और वाहनों की आवाजाही के लिए गंगा में फेरी और कार्गो जहाजों का परिचालन किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इस दौरान करीब 10 से 12 छोटे-बड़े जहाज चलाए जाएंगे। इनमें फेरी और कार्गो जहाज शामिल होंगे। प्रशासन ने जहाजों के परिचालन की अनुमति दे दी है।

जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने बताया कि जहाज से यात्रा करने वाले पैदल यात्रियों, साइकिल सवारों और बाइक सवारों से किराया नहीं लिया जाएगा। अन्य वाहनों के लिए प्रशासन की ओर से किराया निर्धारित किया गया है।

किस वाहन का कितना किराया?
| वाहन | निर्धारित किराया |
|---|---|
| ऑटो/टोटो | ₹150 |
| ट्रैक्टर लोडेड | ₹500 |
| ट्रैक्टर अनलोडेड | ₹250 |
| पिकअप लोडेड | ₹600 |
| पिकअप अनलोडेड | ₹300 |
| जीप/कार/स्कॉर्पियो | ₹700 |
| 10 चक्का लोडेड | ₹3,800 |
| 10 चक्का अनलोडेड | ₹1,900 |
| 12 चक्का लोडेड | ₹4,400 |
| 12 चक्का अनलोडेड | ₹2,200 |
| 14 चक्का लोडेड | ₹4,500 |
| 14 चक्का अनलोडेड | ₹2,250 |
| 16 चक्का लोडेड | ₹4,800 |
| 16 चक्का अनलोडेड | ₹2,400 |
| 18 चक्का लोडेड | ₹5,000 |
| 18 चक्का अनलोडेड | ₹2,500 |
Vikramshila Setu: इन घाटों से चलेगी फेरी और कार्गो सेवा
प्रशासन के अनुसार, भागलपुर की तरफ से बियाडा यानी बरारी इंडस्ट्रियल एरिया घाट से फेरी सेवा संचालित की जाएगी। वहीं बाबूपुर सबौर घाट से कार्गो सेवा चलाने की व्यवस्था की गई है। नवगछिया की तरफ जाह्नवी चौक घाट से जहाजों का परिचालन होगा। घाटों पर यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट काउंटर, मेडिकल कैंप, जीविका की रसोई और शौचालय समेत अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी।
ओवरचार्जिंग पर प्रशासन की नजर
डीएम ने कहा कि निर्धारित किराये से अधिक राशि की वसूली नहीं होने दी जाएगी। जहाजों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के अनुसार, घाटों और जहाजों के परिचालन की निगरानी के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ होने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नावों के परिचालन पर रोक जारी रखने का फैसला किया है। वहीं बरारी पुल घाट पर निर्माण कार्य के कारण वहां से जहाज नहीं चलाए जाएंगे।
गुरुवार से खुलेंगे बेली ब्रिज
विक्रमशिला सेतु पर स्थायी निर्माण कार्य शुरू करने के लिए गुरुवार से पुल के चारों बेली ब्रिज खोलने का काम शुरू होगा। इसके लिए सीमा सड़क संगठन यानी BRO की टीम भागलपुर पहुंच चुकी है।
बेली ब्रिज हटाने के बाद पुल पर स्थायी निर्माण कार्य किया जाएगा। इस दौरान भागलपुर-नवगछिया के बीच आवाजाही बनाए रखने में गंगा की फेरी और कार्गो सेवा की अहम भूमिका रहेगी।


