
Palamu: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज बाजार स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में पिस्तौल के बल पर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचे दो बदमाशों को ग्रामीणों और केंद्र संचालक की सूझबूझ और अदम्य साहस के चलते रंगे हाथ दबोच लिया गया। घटना के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की, लेकिन ग्रामीणों की एकजुटता के आगे उनकी एक नहीं चली और दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

संचालक की बहादुरी से अनियंत्रित होकर गिरी बदमाशों की बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधी ग्राहक सेवा केंद्र में घुसकर हथियार के दम पर लूटपाट की कोशिश कर रहे थे। जब बदमाश घटना को अंजाम देकर अपनी पल्सर बाइक से भागने लगे, तो बैंक संचालक ने अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए दौड़कर सीधे भाग रही बाइक पर छलांग लगा दी। संचालक के इस अचानक हमले से बाइक अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर गई। खुद को घिरता देख अपराधियों ने मौके पर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों और संचालक ने बिना डरे दोनों आरोपियों को चारों तरफ से घेर लिया और धर दबोचा। इसकी सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाने के एएसआई हरेंद्र पासवान, सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और लेस्लीगंज-पांकी SDPO प्रशांत कुमार-2 पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
सुबह लूटी गई बाइक का शाम को हुआ इस्तेमाल
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने सोमवार की सुबह ही दुबियाखाड़ इलाके में बंदूक की नोक पर एक राहगीर से पल्सर बाइक लूटी थी। उसी लूटी गई बाइक का इस्तेमाल उन्होंने शाम को लेस्लीगंज के गोपालगंज स्थित ग्रामीण बैंक के इस CSP में लूट की कोशिश के लिए किया था।
हथियार, कारतूस और बाइक जब्त
पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी पिस्तौल, काले रंग का एक बैग, फायरिंग में इस्तेमाल किया गया गोली का खोखा और वह पल्सर बाइक बरामद कर ली है, जिसका इस्तेमाल दोनों वारदातों में किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया है।


