
Dumka: झारखंड प्रदेश स्वास्थ्य सहिया कर्मचारी संघ जिला दुमका के बैनर तले जिला अध्यक्ष ज्योति मुर्मू की अध्यक्षता में एक दिवसीय धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला संरक्षक विजय कुमार दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार की कार्यशैली पर कड़ा रोष जताया और कहा कि स्वास्थ्य सहियाएं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का मुख्य आधार हैं, इसके बावजूद उन्हें न तो सम्मानजनक मानदेय दिया जा रहा है और न ही उनका हक मिल रहा है।

बिना मोबाइल और नियुक्ति पत्र के ऑनलाइन काम का दबाव
धरने के दौरान सहियाओं ने अपनी मुख्य समस्याएं रखते हुए बताया कि वे दिन-रात मेहनत करती हैं, लेकिन इसके बदले मिलने वाली प्रोत्साहन राशि बेहद कम है और वह भी समय पर नहीं मिलती, जिससे उनके लिए परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो गया है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से ऑनलाइन काम करने का लगातार दबाव बनाया जा रहा है, जबकि न तो उन्हें इसके लिए कोई मोबाइल उपलब्ध कराया गया है और न ही उनके पास कोई आधिकारिक नियुक्ति पत्र है।

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से लगाई न्याय की गुहार
प्रदर्शन के माध्यम से राज्य के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मांग की गई कि स्वास्थ्य सहियाओं को अविलंब नियुक्ति पत्र दिया जाए। इसके अलावा पूर्व में सरकार द्वारा मानदेय बढ़ाए जाने की जो घोषणा की गई थी, उसे अब तक लागू नहीं किए जाने को बेहद दुखद बताया गया। संघ ने चेताया कि अगर उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


