
Ranchi: झारखंड में पिछले 24 घंटे के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम केंद्र के प्रमुख डॉ. बाबूराज पीपी के अनुसार, राजधानी रांची से मॉनसून की विदाई हो चुकी है। वर्तमान में एक टर्फ लाइन पूर्वोत्तर बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही मॉनसून की विदाई रेखा सुपौल, रांची और रायपुर से होकर गुजर रही है, जिसकी वजह से राज्य के मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा।

5 से 7 अक्तूबर तक बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना
इस नए मौसमी सिस्टम के असर से 5 से 7 अक्तूबर के दौरान राज्य में बारिश, गर्जन और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है। 5 अक्तूबर को राजधानी रांची में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गर्जन वाले बादल बन सकते हैं।

रांची में गिरेगा तापमान, छाई रहेगी बादलों की परत
मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 8 अक्तूबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और इस दौरान एक से दो बार हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। बारिश के इस दौर से रांची का अधिकतम तापमान गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है, जिससे लोगों को हल्की ठंडक का अहसास होगा।
तापमान में दर्ज की जाएगी 2 से 3 डिग्री की गिरावट
अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा, लेकिन इसके बाद के तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।


