
Jharkhand Weather Update: मौसम विभाग से मिली ताजा जानकारी के अनुसार झारखंड में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। 7 और 8 अक्टूबर को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है। इस दौरान आसमान में काले बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश देखने को मिल सकती है।

आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि 9 अक्टूबर को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली यानी वज्रपात गिरने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और कड़कती बिजली के दौरान खुले में न रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें।

राजधानी रांची में भी होगी बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में भी 7 और 8 अक्टूबर को मौसम सुहाना बना रहेगा और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।


