
Ranchi: राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां मलती सदान टोला में शनिवार को एक युवती का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। युवती की शादी अगले महीने 30 नवंबर को होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसर गया है। मृतका की पहचान मलती सदान टोला निवासी रमेश चौरसिया की बेटी काजल कुमारी के रूप में हुई है। फिलहाल काजल की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 11 बजे काजल अपनी दादी के साथ घर में मौजूद थी। उसके पिता रमेश चौरसिया किसी काम से रांची गए हुए थे, जबकि मां आंगनबाड़ी केंद्र गई थीं। घर की रसोई में चूल्हे पर खाना बन रहा था और काजल अपने कमरे में थी। इसी दौरान चूल्हे पर रखा खाना जलने लगा तो दादी ने काजल को आवाज दी, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं आया। दादी ने दोबारा आवाज लगाई और दरवाजा खोलने की कोशिश की, मगर दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे लोग तो फंदे से लटकी मिली काजल
दादी की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। काजल साड़ी के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे तत्काल मांडर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मांडर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची के RIMS भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत से जुड़ी परिस्थितियों को स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।
तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी काजल, अगले महीने तय थी शादी
परिजनों के अनुसार, काजल तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। इंटर की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह घर पर ही रह रही थी। परिवार ने उसकी शादी 30 नवंबर को तय की थी। ऐसे में शादी से कुछ ही सप्ताह पहले हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि काजल किसी परेशानी से गुजर रही थी या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


