
West Singhbhum: पश्चिमी सिंहभूम के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला पाण्ड्राशाली ओपी क्षेत्र के भोया गांव का है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश इचागुटू उर्फ टुकड़ा (33) के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

घायल युवक ने लगाया था आरोप
पुलिस के अनुसार, दीपक बोदरा (26) ने 3 सितंबर को दिए बयान में आरोप लगाया था कि गणेश इचागुटू ने उसे जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। बयान के आधार पर पाण्ड्राशाली ओपी में कांड संख्या 115/26 दर्ज किया गया था। मामले में BNS की धारा 115(2), 118(1), 109 और 352 के तहत FIR दर्ज की गई।

पुलिस ने बनाई थी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए SP के निर्देश पर SDPO बहामन टूटी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस के मुताबिक, टीम ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय स्तर पर मिली सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान 21 सितंबर को गणेश इचागुटू उर्फ टुकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुरानी बात को लेकर विवाद की बात सामने आई
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान पता चला कि करीब डेढ़ साल पहले गणेश इचागुटू बेंगलुरु में मजदूरी करता था। उस दौरान मोबाइल फोन पर दीपक बोदरा की पत्नी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की बात सामने आई थी। पुलिस का कहना है कि इसी पुरानी रंजिश को लेकर 3 सितंबर को दीपक आरोपी के पास पहुंचा था।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से दीपक पर हमला कर दिया।


