
Palamu: पलामू जिले में होमगार्ड भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। भर्ती की तैयारी कर रहे इच्छुक और योग्य छात्र-युवाओं ने इसको लेकर उपायुक्त को सामूहिक आवेदन देने की पहल की है।

युवाओं का कहना है कि झारखंड के कई जिलों में होमगार्ड भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि कुछ जिलों में भर्ती को लेकर विज्ञापन भी जारी किए जा रहे हैं। ऐसे में पलामू के युवा भी काफी समय से भर्ती शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

‘हमें भी मौका मिलना चाहिए’
सामूहिक आवेदन में युवाओं ने कहा कि पलामू जिले में अभी तक होमगार्ड भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे और योग्य युवा भर्ती के अवसर का इंतजार कर रहे हैं।
युवाओं का कहना है कि अगर जिले में भर्ती प्रक्रिया शुरू होती है तो उन्हें भी अपनी योग्यता के आधार पर सरकारी नियमों के मुताबिक शामिल होने का मौका मिलेगा।
खाली पदों की जानकारी जुटाकर जल्द निकले विज्ञापन
युवाओं ने उपायुक्त से पलामू जिले में होमगार्ड के रिक्त पदों और विभाग की जरूरत की समीक्षा कराने की मांग की है। इसके बाद जल्द से जल्द भर्ती का विज्ञापन जारी कर प्रक्रिया शुरू करने के लिए जरूरी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।


