
Ranchi: रांची के क्रिकेट लवर्स के लिए एक थोड़ी फिक्र बढ़ाने वाली खबर आई है। 9 अक्तूबर को रांची में होने वाले भारत बनाम वेस्टइंडीज टी-20 (IND vs WI T20) मैच के दौरान आसमान में काले बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम में आ रहा यह बदलाव दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के झारखंड से विदा होने (Withdrawal) की वजह से देखने को मिल रहा है।

5 अक्तूबर से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विज्ञान केंद्र (Ranchi Meteorological Centre) के मुताबिक, उत्तर गुजरात और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपरी वायुमंडल में एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके असर से चलने वाली सूखी हवाओं के कारण मॉनसून अब वापस लौटने की राह पर है। 5 अक्तूबर से मॉनसून झारखंड, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र के कई इलाकों से विदा होना शुरू हो जाएगा, लेकिन जाते-जाते यह राज्य को बारिश से भिगोकर जाने वाला है।

हजारीबाग और देवघर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 5 अक्तूबर से ही मौसम में काफी बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा। हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, देवघर और दुमका जैसे जिलों में गर्जन और वज्रपात (बिजली चमकने) के साथ-साथ मीडियम लेवल की बारिश हो सकती है। वहीं, राजधानी रांची की बात करें तो यहां भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई हिस्सों में छिटपुट या हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
मैच के दिन भी रह सकता है ओवरकास्ट कंडीशन
9 अक्तूबर को मैच वाले दिन भी रांची के आसमान में बादल मंडराते रहेंगे। हालांकि बारिश बहुत भारी होने का अनुमान नहीं है, फिर भी हल्की फुहारें और नमी वाला मौसम मैच में थोड़ा-बहुत खलल डाल सकता है। ग्राउंड्समैन और क्रिकेट फैंस उम्मीद जता रहे हैं कि बारिश ज्यादा देर न टिके ताकि पूरा 20-20 ओवर का रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सके।


