
Giridih: गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत पारसनाथ 14 नंबर रेलवे गुमटी के पास सोमवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही निमियाघाट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और दुकानदारों से पूछताछ की, लेकिन देर शाम तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी।

हादसा या आत्महत्या हर एंगल से जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दुर्घटना का है या महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की शिनाख्त के लिए पुलिस आसपास के गांवों में संपर्क कर रही है। इसके साथ ही नजदीकी थानों में भी महिला की तस्वीर भेजकर पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।


