
Giridih: झारखंड के गिरिडीह स्थित जैन समाज के सर्वोच्च तीर्थस्थल सम्मेद शिखर पारसनाथ पहाड़ पर स्थापित दिशोम मांझी थान को लेकर इन दिनों सियासी और सामाजिक पारा हाई है। एक तरफ जहां आदिवासी समुदाय का एक पक्ष आंदोलन की राह पर है, वहीं दूसरी तरफ दूसरे पक्ष ने बुधवार को ‘मरांग बुरु सांवत सुसार बेशी’ के बैनर तले प्रेस वार्ता कर विरोधियों पर जोरदार प्रहार किया है। संगठन के अध्यक्ष नुनका टुडू, बुधन हेंब्रम और अर्जुन हेंब्रम ने दो टूक शब्दों में कहा कि हेमंत सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा द्वारा पारसनाथ पहाड़ में ‘मरांग बुरु सांवत सुसार बेशी बचाव आंदोलन’ का जो आह्वान किया गया है, उसका जमीन पर कोई औचित्य नहीं है।
बाहरी राज्यों के लोगों को बुलाने पर उठाए सवाल
आंदोलन की आलोचना करते हुए नेताओं ने सवाल उठाया कि इस आंदोलन में बिहार, बंगाल, असम और ओडिशा जैसे दूसरे राज्यों के लोगों को क्यों बुलाया जा रहा है? जब गिरिडीह के स्थानीय लोगों ने ऐसा कोई आह्वान ही नहीं किया है, तो फिर सरकार के एक दर्जा प्राप्त मंत्री के इशारे पर हो रहे इस आंदोलन का क्या मतलब है? उन्होंने याद दिलाया कि साल 2023 में पूर्व विधायक स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के नेतृत्व में तमाम पक्षों के साथ बैठक हुई थी, जिसमें हर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल गया था और यह साफ हो गया था कि अब जैन समाज और आदिवासी समुदाय के बीच कोई विवाद नहीं बचा है।

सरकार और सीएम दंपती के पूजा पर भी खड़े किए गंभीर सवाल
प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले हेमंत सरकार ने आदिवासियों को बेवकूफ बनाया और अब उन्हीं की सरकार के मंत्री फागू बेसरा समाज को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन की मौजूदगी में वहां की गई पूजा और पशु बलि के मुद्दे को भी उठाया। संगठन ने कहा कि सीएम दंपती के उस पूजन में कई स्थानीय लोग शामिल तक नहीं हुए थे, इसलिए अब मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि दिशोम मांझी थान में उनके द्वारा की गई वह पूजा क्या सच में आस्था थी या सिर्फ एक चुनावी दिखावा था, जिसे आदिवासी समाज पूरी तरह से एक छलावा मानता है।


