
Simdega News: सिमडेगा जिले से 15 साल की एक नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाने और उसे बेचने की कथित साजिश पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। सिमडेगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली से नाबालिग को पूरी तरह सकुशल बरामद कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए मुख्यालय DSP रणवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप था कि रोशनी तिर्की नाम की महिला 12 अक्टूबर को उनकी 15 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर और बिना बताए दिल्ली ले गई थी, जहां उसे बेचने की तैयारी की जा रही थी।
SP के निर्देश पर एक्शन

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सिमडेगा थाने में कांड संख्या 05/2026 के तहत FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। सिमडेगा SP श्रीकांत एस खोटरे के सीधे निर्देश पर पुलिस की एक स्पेशल टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मानवीय खुफिया इनपुट के आधार पर कड़ियां जोड़ीं और लगातार ट्रैक करते हुए दिल्ली में दबिश दी। पुलिस टीम ने वहां न सिर्फ नाबालिग को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया, बल्कि मुख्य आरोपी रोशनी तिर्की को भी मौके से धर दबोचा।
आरोपी रोशनी पहुंची जेल
दिल्ली से नाबालिग बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार
एएचटीयू थाना कांड सं. 05/2026 में 15 वर्षीय नाबालिग को दिल्ली ले जाने के आरोप में पुलिस अधीक्षक महोदय, सिमडेगा के निर्देश पर टीम ने कार्रवाई कर नाबालिग को बरामद किया तथा अभियुक्त रोशनी तिर्की को गिरफ्तार कर हिरासत में भेजा। https://t.co/PXwQE9WW9U— Simdega Police (@Simdega_Police) October 28, 2026
रेस्क्यू ऑपरेशन सफल होने के बाद पुलिस टीम नाबालिग बच्ची और आरोपी महिला को लेकर सिमडेगा लौटी। यहां बच्ची से जुड़ी आवश्यक पूछताछ, मेडिकल जांच, सत्यापन और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। इसके बाद आधिकारिक निगरानी में नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं नाबालिग को ले जाने और बेचने की कोशिश के गंभीर आरोप में गिरफ्तार रोशनी तिर्की को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


