
Sahibganj: साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र में बेलगाम वाहन चालकों के मनमाने रवैये और रफ्तार के कहर से आम जनता त्रस्त है। ताजा मामला मिर्जाचौकी रेलवे फाटक के समीप सोमवार की शाम को सामने आया, जहां एक अनियंत्रित तेज रफ्तार हाईवा ने 55 वर्षीय मंजू देवी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना दर्दनाक था कि इस टक्कर में मंजू देवी के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी और कुचल गए। घटना के तुरंत बाद बदहवास परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल ले गए, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़ पुलिस को सौंपा, फिर भी कार्रवाई शून्य
हादसे के ठीक बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भागने की कोशिश कर रहे हाईवा और उसके चालक को रंगे हाथों पकड़ लिया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, ग्रामीणों द्वारा चालक को सौंपे जाने के बाद भी पुलिस की सुस्ती ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि घटना के इतने घंटे बीत जाने के बाद भी न तो आरोपी चालक या वाहन मालिक की ओर से इलाज का कोई खर्च दिया गया है और न ही पुलिस ने अब तक आरोपी पर कोई ठोस कानूनी कार्रवाई की है। इस पूरे मामले पर स्थानीय पुलिस कुछ भी बोलने और जानकारी देने से बच रही है।

जिंदगी से जंग लड़ रही महिला, इंसाफ की आस में परिजन
इधर, भागलपुर में भर्ती घायल मंजू देवी की स्थिति अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है और वे जिंदगी और मौत के बीच झूल रही हैं। घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल परिजनों ने मिर्जाचौकी थाने में मामले को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से निष्पक्ष जांच तथा दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।


