
Jamtara: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौहथीया गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गुरुवार की रात करीब नौ बजे घरेलू विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान बसंती देवी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति मनोज रजवार गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे एक रिश्तेदार के घर से वापस लौटा था। रात में खाना खाने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खोकर मनोज ने पहले बिजली के करंट से पत्नी पर हमला किया और फिर टांगी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
वारदात के बाद खुद पर किया जानलेवा हमला
पत्नी को मौत की नींद सुलाने के बाद आरोपी मनोज ने खुद की भी जान लेने की कोशिश की। उसने तुरंत घर में रखे चाकू से अपने ही गले पर वार कर लिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना तुरंत नारायणपुर थाना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और घायल पति को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



