
ACB Arrest Chatra: जमीन के दाखिल-खारिज यानी म्यूटेशन के नाम पर आम लोगों से मोटी रकम ऐंठने वाले सरकारी कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) का शिकंजा एक बार फिर कस गया है। हजारीबाग ACB की विशेष टीम ने मंगलवार को चतरा सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में अचानक दबिश देकर सदर अंचल के हल्का-7 के राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ धर दबोचा। सादे लिबास में पहुंची टीम ने जैसे ही कर्मचारी की कलाई पकड़ी, पूरे प्रखंड और अंचल कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों में हड़कंप फैल गया।

म्यूटेशन के लिए 30 हजार रुपये का था सौदा
यह पूरा मामला चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र स्थित नया खाप निवासी तुलसी यादव की जमीन से जुड़ा है। तुलसी यादव ने अपनी जमीन के म्यूटेशन के लिए सदर अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि हल्का-7 (दारियातू और लेम पंचायत क्षेत्र) का प्रभार संभाल रहे राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद ने काम के एवज में 30 हजार रुपये घूस की मांग रख दी। पीड़ित लगातार गुहार लगाता रहा, लेकिन कर्मचारी बिना पैसे काम आगे बढ़ाने को तैयार नहीं था। तंग आकर तुलसी यादव ने हजारीबाग जाकर ACB के पुलिस अधीक्षक आरिफ इकराम से लिखित शिकायत कर दी।

सत्यापन के बाद बिछाया गया मजबूत जाल
ACB एसपी आरिफ इकराम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक टीम को आरोपों की गोपनीय जांच का जिम्मा सौंपा। प्रारंभिक जांच और सत्यापन में जब घूस मांगे जाने का आरोप पूरी तरह सही पाया गया, तब टीम ने योजना बनाकर आरोपी को पकड़ने का जाल बुना। तय रणनीति के मुताबिक मंगलवार को पीड़ित तुलसी यादव को केमिकल लगे नोटों के साथ राजस्व कर्मचारी के पास भेजा गया, जहां 30 हजार की कुल मांग में से पहली किस्त के तौर पर 15 हजार रुपये दिए जाने थे।
कर्मचारी भवन में पहली किस्त लेते ही शिकंजा
मंगलवार को जैसे ही तुलसी यादव सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन पहुंचे और सतीश प्रसाद के हाथ में 15 हजार रुपये थमाए, आसपास घात लगाकर बैठी ACB की टीम ने फौरन धावा बोल दिया। टीम ने सतीश प्रसाद को मौके पर ही घूस की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। हाथ धुलवाते ही केमिकल का रंग चढ़ गया और कर्मचारी की पूरी चालाकी धरी की धरी रह गई।
कागजात जब्त कर हजारीबाग ले गई टीम
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम ने आरोपी राजस्व कर्मचारी के दफ्तर और उसकी अलमारी में रखे संबंधित जमीन के म्यूटेशन से जुड़े दस्तावेज और अभिलेखों की गहनता से जांच की। कई जरूरी फाइलों को कब्जे में लेने के बाद टीम आरोपी को अपनी गाड़ी में बैठाकर हजारीबाग स्थित मुख्यालय ले गई। ACB एसपी ने बताया कि हजारीबाग में जरूरी कानूनी औपचारिकताएं और पूछताछ पूरी करने के बाद आरोपी सतीश प्रसाद को विशेष अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा।


