
Bokaro Crime News: सुबह करीब साढ़े 10 बजे का वक्त था। विभा मालाकार सब्जी लेकर अपने घर की ओर लौट रही थीं। जैसे ही वह कैलाश विहार की अपनी गली में पहुंचीं, वहां पहले से बाइक लेकर खड़े दो युवकों ने उनकी तरफ बाइक मोड़ दी।

महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले बाइक पर पीछे बैठे युवक ने गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन व पेंडेंट लेकर दोनों बदमाश फरार हो गए।

दीवार से टकराते-टकराते बची बाइक
घटना जोधाडीह मोड़ से करीब 200 मीटर की दूरी पर कैलाश विहार में हुई। महिला के मुताबिक, गली में प्रवेश करते ही बदमाशों ने अचानक उनकी तरफ बाइक मोड़ दी। बाइक लगभग दीवार से टकराने वाली थी, इसी दौरान पीछे बैठे युवक ने मौका पाकर उनके गले से चेन खींच ली।
झपट्टा इतना अचानक था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वारदात के बाद दोनों बाइक से तेजी से फरार हो गए।
करीब डेढ़ लाख की बताई जा रही चेन
पीड़िता विभा मालाकार कोलकाता की रहने वाली हैं और फिलहाल कैलाश विहार में किराये के मकान में रहती हैं। उनके अनुसार, बदमाश करीब 12 ग्राम की सोने की चेन और उसमें लगा पेंडेंट ले गए हैं।
महिला ने चेन और पेंडेंट की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई है।
CCTV फुटेज से खुलेगा बदमाशों का राज?
वारदात के बाद महिला ने चास थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से घटना की जानकारी ली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है।
अब पुलिस इलाके में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार दोनों बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने और उनकी गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है।


