
मोतिहारी: मोतिहारी स्थित अभियंत्रण महाविद्यालय में सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। पटाखा बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों बैच के छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे कॉलेज परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
पटाखा बजाने को लेकर देर रात से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, 25वें और 26वें बैच के छात्रों के बीच पटाखा बजाने को लेकर विवाद देर रात से ही चल रहा था। इसी बात को लेकर शुक्रवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। दोनों बैच के छात्र एक-दूसरे से भिड़ गए और कॉलेज परिसर में जमकर मारपीट हुई। घटना से कॉलेज का शैक्षणिक माहौल भी प्रभावित हुआ।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
मामले को लेकर प्रशिक्षु डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पटाखा बजाने को लेकर सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया और स्थिति को शांत कराया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कॉलेज में रैगिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि रैगिंग की शिकायत मिलती है, तो संबंधित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
26वें बैच के छात्रों को दी गई छुट्टी
वहीं, कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि बिगड़ते माहौल को देखते हुए 26वें बैच के छात्रों को छुट्टी दे दी गई है। साथ ही सीनियर बैच के छात्रों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि वे किसी तरह के विवाद में शामिल न हों और कॉलेज का माहौल खराब नहीं करें।
कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर पटाखा बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक कैसे पहुंच गया? क्या कॉलेज प्रशासन को देर रात से चल रहे विवाद की जानकारी नहीं थी? अब देखना होगा कि कॉलेज प्रशासन इस पूरे मामले में क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई करता है।
(प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)


