
Ranchi: राजधानी रांची स्थित मेकॉन की श्यामली कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय यशी मिश्रा ने अपने पति कुमार शिवम, सास, ससुर और ननदों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे और मांग पूरी न होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक क्रूरता की जा रही थी।
शादी में सामर्थ्य अनुसार दिया गया था दहेज
पीड़िता ने डोरंडा थाना को दी गई शिकायत में बताया है कि विवाह के समय मायके वालों ने अपनी हैसियत के हिसाब से उपहार स्वरूप एयर कंडीशनर, सोने की चेन, अंगूठी, बर्तन, कपड़े और 51 हजार रुपये नकद दिए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग दिए गए सामान से संतुष्ट नहीं थे। शादी के कुछ ही समय बाद से ही वे चारपहिया गाड़ी और अतिरिक्त नकद रुपयों की मांग को लेकर दबाव बनाने लगे।

बेंगलुरु में हर महीने रुपयों की मांग और मारपीट का आरोप
यशी मिश्रा के अनुसार, विवाह के बाद जब वह पति के साथ बेंगलुरु में रह रही थी, तो वहां भी प्रताड़ना का सिलसिला नहीं थमा। पति द्वारा मायके से हर महीने 20 हजार रुपये मंगवाने का लगातार दबाव बनाया जाता था। बाद में इस मांग को बढ़ाकर प्रति माह अतिरिक्त पांच हजार रुपये और जोड़ दिया गया। जब पीड़िता ने इस नाजायज मांग का विरोध किया, तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाने लगी। परेशान होकर अंततः पीड़िता ने रांची लौटकर पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके आधार पर पुलिस अब जांच में जुट गई है।


