
Garhwa: पेट्रोल-डीजल के बढ़ते खर्च के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए नया शोरूम शुरू किया गया है। ओखरगड़ा पचफेड़ी मोड़ के पास आदर्श इंटरप्राइजेज इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम का उद्घाटन स्थानीय विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय कुशवाहा और शोरूम के प्रोपराइटर सुबोध प्रसाद गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन के दौरान अतिथियों ने नारियल फोड़ने के साथ फीता काटकर शोरूम की शुरुआत की।

विधायक बोले- ईंधन की खपत कम करने की जरूरत
मुख्य अतिथि विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने लोगों से ईंधन की खपत कम करने और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।
विधायक ने कहा कि मेराल में शोरूम खुलने से आसपास के इलाकों के साथ गढ़वा और मझिआंव के लोगों को भी इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने में सुविधा होगी। अब वाहन खरीदने के लिए उन्हें दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
किसानों के लिए मालवाहक वाहन भी उपलब्ध
शोरूम के प्रोपराइटर सुबोध प्रसाद गुप्ता ने बताया कि यहां ग्राहकों को उचित कीमत पर इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराने के साथ फाइनेंस की सुविधा भी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि शोरूम में करीब 12 अलग-अलग मॉडल के इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध हैं। इनमें किसानों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए माल ढोने वाले वाहन भी शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल खेती से जुड़े सामान और दूसरी सामग्री को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में किया जा सकता है।
गढ़वा-मेराल समेत आसपास के लोगों को फायदा
शोरूम संचालक के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहनों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मॉडल उपलब्ध कराए गए हैं। इससे निजी इस्तेमाल के साथ छोटे कारोबार और खेती-किसानी से जुड़े लोगों को भी विकल्प मिल सकेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में गंगा प्रसाद अग्रवाल, बबलू तिवारी, कंचन पांडे, अभिषेक तिवारी, सुरेश चंद्रवंशी, श्रवण गुप्ता, सुमित श्रीवास्तव, सुजीत कुमार, इन्देश पांडे समेत कई लोग मौजूद रहे।


