
बेगूसराय: जिले के वीरपुर प्रखंड क्षेत्र में सड़क की बदहाली के खिलाफ ग्रामीणों ने विरोध का अनोखा और व्यंग्यात्मक तरीका अपनाया है। पर्रा पंचायत के आक्रोशित ग्रामीणों ने पर्रा-सरौंजा सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों का नामकरण जनप्रतिनिधियों और मंत्री के नाम पर कर दिया है। ग्रामीणों ने गड्ढों को विधायक, सांसद और पथ निर्माण मंत्री के नाम से जोड़कर अपना आक्रोश जाहिर किया। विरोध का यह अंदाज इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों ने सड़क पर बने गड्ढों को ‘कुंदन कुमार कुंड’, ‘गिरिराज सिंह कुंड’ और ‘कुमार शैलेंद्र कुंड’ नाम दिया है। इसके जरिए उन्होंने स्थानीय विधायक कुंदन कुमार, सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र कुमार तक अपनी नाराजगी पहुंचाने की कोशिश की है।

दशकों से जर्जर सड़क, फिर बदहाल हुई हालत
ग्रामीण ऋषभ कुमार ने बताया कि पर्रा-सरौंजा सड़क पिछले कई दशकों से जर्जर स्थिति में थी। पूर्व विधायक अमिता भूषण के प्रयासों से सड़क का पुनर्निर्माण कराया गया था। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2020 में कुंदन सिंह के विधायक बनने के बाद पिछले छह वर्षों में सड़क की स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई। उनके मुताबिक, नतीजतन सड़क एक बार फिर बदहाल हो गई है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
ऋषभ कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि पर्रा पंचायत को मॉडल पंचायत कहा जाता है, लेकिन यहां सड़क की हालत ऐसी है कि यह समझना मुश्किल हो गया है कि गड्ढे में सड़क है या सड़क में गड्ढे। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
‘नेता वोट मांगने आते हैं, समस्या देखने नहीं’
ग्रामीण पप्पू सहनी ने सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोग बेहद परेशान हैं। उनका आरोप है कि नेता केवल वोट मांगने के समय गांव पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता की समस्याओं को देखने तक नहीं आते।
उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण चुप बैठने वाले नहीं हैं और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
पर्रा पंचायत के ग्रामीणों ने सांसद, स्थानीय विधायक और पथ निर्माण मंत्री से पर्रा-सरौंजा सड़क का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे संगठित होकर जोरदार आंदोलन करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बबलू सहनी, अबिंद यादव, रंजीत सहनी, मोगल सहनी, संजीत सहनी, संजय कुमार समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
अब सवाल यह है कि गड्ढों को नेताओं के नाम से पुकारने के बाद क्या जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों का ध्यान सड़क की बदहाली की ओर जाएगा, या ग्रामीणों को अपनी सड़क के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा?


