
Gumla News: गुमला जिले के भरनो प्रखंड अंतर्गत अमलिया पंचायत के वनटोली गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव के ही कर्मा उरांव के कुएं में 55 वर्षीय शंकर उरांव का शव तैरता हुआ बरामद किया गया। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों के अनुसार शंकर उरांव बीते चार दिनों से अचानक लापता थे। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की थी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, शव निकालकर जांच में जुटी
शनिवार को मृतक के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित कर्मा उरांव के कुएं में ग्रामीणों ने एक शव को पानी में तैरते देखा। इसके तुरंत बाद ग्रामीणों ने भरनो थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही भरनो पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया। बाहर निकालने के बाद शव की पहचान लापता शंकर उरांव के रूप में की गई। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है।



