
Bokaro News: बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रानी बांध के पास स्थित जोड़ा मंदिर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बच्चों का इलाज कराने जा रहे एक परिवार का ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में ऑटो में सवार एक महिला और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नानी और नाती की मौत, परिजनों में छाया मातम
मृतकों की पहचान घटियाली गांव निवासी कनकलता मंडल और देवाशीष मंडल के रूप में की गई है। रिश्ते में दोनों नानी और नाती थे। हादसे के वक्त ऑटो में दो महिलाएं और दो बच्चे सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इस दुखद हादसे के बाद पूरे घटियाली गांव में मातम का माहौल छा गया है।

बाइक के चकमा देने से हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पिंडराजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के अचानक सामने से चकमा देने की वजह से ऑटो चालक अपना संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए जांच आगे बढ़ा दी है।


