
JSSC CGL Paper Leak: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की बहुचर्चित संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा के पेपर लीक मामले में सीआईडी की विशेष जांच टीम (SIT) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे संगठित नेटवर्क की कमर तोड़ दी है। मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, गिरोह की परतें खुलती जा रही हैं। SIT अब तक 700 से अधिक सफल अभ्यर्थियों से गहन पूछताछ कर चुकी है और इस पूरे मामले में 13 सफल अभ्यर्थियों सहित कुल 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
1 जनवरी 2025 को दर्ज हुई थी आधिकारिक FIR
इस घोटाले की प्रारंभिक सूचनाओं के बाद 1 जनवरी 2025 को सीआईडी थाने में कांड संख्या 01/2025 के तहत औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शुरुआती तफ्तीश के दौरान ही सीआईडी ने प्रश्न-उत्तर रटवाने और पेपर लीक का झांसा देकर मोटी रकम वसूलने वाले गिरोह के 16 सदस्यों को सलाखों के पीछे भेज दिया था।

पटना से नेपाल तक के होटलों में रटवाए गए उत्तर
जांच में सामने आया कि दलालों और एजेंटों का यह नेटवर्क अंतरराज्यीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमाओं तक फैला हुआ था। गिरोह के सदस्य अभ्यर्थियों को भरोसे में लेकर पटना से लेकर नेपाल तक के विभिन्न होटलों में ले जाते थे। वहां परीक्षा से ठीक पहले बेहद गोपनीय तरीके से अभ्यर्थियों को प्रश्न और उनके उत्तर रटवाए जाते थे, ताकि वे परीक्षा में आसानी से मेरिट में स्थान बना सकें।
सरकारी पदों पर तैनात लोग भी निकले दोषी, 13 पहुंचे होटवार जेल
SIT की जांच में पुख्ता डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य मिलने के बाद 13 सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेजा गया। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से कई अभ्यर्थी पहले से ही विभिन्न सरकारी विभागों में अहम और जिम्मेदार पदों पर आसीन थे।
गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (ASO), स्वास्थ्य विभाग के कनीय सचिवालय सहायक और जमशेदपुर सहित अन्य जिलों के फूड इंस्पेक्टर शामिल हैं। प्रमुख नामों में मुख्य मास्टरमाइंड अभय कुमार तिवारी, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी, भाई अक्षय तिवारी, दीपक कुमार, उमेश कुमार राय, विजय कुमार तिवारी, आनंद कुमार सिंह, समीर कुमार, कुंदन कुमार, जमशेदपुर के फूड इंस्पेक्टर संजय कुमार, स्वास्थ्य विभाग के कनीय सचिवालय सहायक अजय कुमार, सफल अभ्यर्थी रामकृष्णा कुमार सिंह और सहायक प्रशाखा पदाधिकारी भानु प्रताप शामिल हैं।
परीक्षा एजेंसी ‘ICN’ के कर्मी और बिचौलिए भी गिरफ्तार
परीक्षा की आंतरिक प्रणाली में सेंधमारी करने वाले गिरोह पर कार्रवाई करते हुए सीआईडी ने परीक्षा संचालन एजेंसी ‘आइसीएन’ (ICN) के कर्मियों, एजेंटों और अभ्यर्थियों के लिए ठिकाना जुटाने वाले 12 अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा। इनमें एजेंसी कर्मी सोमांश प्रकाश व राहुल कुमार, एजेंट राजन कुमार, दिलीप कुमार पासवान, राजेश प्रसाद यादव, संदीप कुमार, सुधाकर यादव, मनु कुमार सिंह, रितेश कुमार सिंह, मिथिलेश कुमार पांडेय, बोकारो के दुग्धा निवासी सुरेश राय तथा किराना व फोटोकॉपी संचालक सुमित कुमार सिंह शामिल हैं।
डिजिटल साक्ष्य और फोरेंसिक जांच से कसी कानूनी नकेल
एसआईटी ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, लैपटॉप, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल स्टोरेज डिवाइस बरामद किए हैं। अदालत में पुख्ता पैरवी के लिए इन सभी उपकरणों का तकनीकी विश्लेषण और फोरेंसिक परीक्षण कराया गया है। वर्तमान में जांच एजेंसी रोजाना औसतन 25 सफल अभ्यर्थियों को तलब कर पूछताछ कर रही है, ताकि गिरोह की वित्तीय कड़ियों और अंतिम लाभार्थी तक पहुंचा जा सके।


