
Deoghar: देवघर जिले में सक्रिय साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (SP) प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस ने चार शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी की वारदातों में किया जा रहा था।
पत्थरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी, गुप्त सूचना के आधार पर हत्थे चढ़े 4 आरोपी
जानकारी के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के नेतृत्व में पुलिस टीम को पत्थरड्डा ओपी क्षेत्र में साइबर अपराधियों के मौजूद होने की सटीक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से चार साइबर अपराधियों को रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार रावाणी, गौतम कुमार मंडल, बिरेंद्र दास और दीपक कुमार दास के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है, ताकि उनके गिरोह के अन्य सदस्यों और वित्तीय नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।



