
Ranchi/Bundu: बुंडू पुलिस प्रशासन ने रविवार को रेदा बाजार में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ एक बड़ा जन जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर अफीम के काले कारोबार और इससे समाज व परिवार पर पड़ने वाले घातक प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को अफीम के अवैध दलदल से बाहर निकलने की सलाह दी और उसके सुरक्षित विकल्प के रूप में फल, हरी सब्जियां और दूसरी पारंपरिक फसलों की वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया, जिससे वे बिना किसी कानूनी डर के सम्मानजनक आमदनी कमा सकें।
कानूनी कार्रवाई की हिदायत
मौके पर ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए Bundu DSP ओमप्रकाश ने साफ लफ्जों में आगाह किया कि चंद रुपयों के लालच में अफीम की खेती करना अपनी पूरी जिंदगी दांव पर लगाने जैसा है। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी ग्रामीण या युवा के खिलाफ अफीम की अवैध खेती को लेकर प्राथमिकी दर्ज हो जाती है, तो उसका और उसके परिवार का भविष्य बर्बाद हो जाएगा। पुलिस केस दर्ज होने की स्थिति में पुलिस विभाग या किसी भी अन्य सरकारी सेवा में नौकरी पाने की सारी संभावनाएं हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगी, इसलिए सही रास्ता चुनकर ही अपने करियर को सुरक्षित बनाएं।

ग्रामीणों ने ली शपथ
इस जागरूकता चौपाल में बारुहातू पंचायत की मुखिया रेखा देवी ने भी ग्रामीणों से अफीम के धंधे से पूरी तरह तौबा करने की पुरजोर अपील की। इसके बाद Bundu DSP ओमप्रकाश और Bundu Inspector जयदीप टोप्पो की अगुवाई में वहां मौजूद सभी ग्रामीणों को जीवन में कभी भी अफीम की खेती न करने और अपने इलाके को नशामुक्त बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। पुलिस प्रशासन के इस आउटरीच प्रोग्राम को स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का सकारात्मक समर्थन देखने को मिला।


