
Palamu news: पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 मवेशियों को बरामद किया है। इस दौरान मौके से अवैध परिवहन में शामिल बोलेरो पिकअप के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान बिहार के रोहतास जिले अंतर्गत काराकाट थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी 24 वर्षीय गुड्डू कुमार (पिता कृष्णबल्लभ सिंह) के रूप में हुई है।
क्रूरता निवारण और गोवंश हत्या प्रतिषेध कानून में प्राथमिकी
विश्रामपुर थाना पुलिस के अनुसार अवैध पशु तस्करी के इस मामले में कांड संख्या 87/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के साथ-साथ झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 की धारा 12 और 13 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

वाहन और मोबाइल जब्त, सिंडिकेट की पड़ताल में जुटी टीम
पुलिस ने छापेमारी स्थल से 10 गोवंशीय पशुओं को सुरक्षित कब्जे में लेने के अलावा तस्करी में प्रयुक्त सफेद रंग की बोलेरो पिकअप गाड़ी और एक नीले रंग का टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई में परिवीक्षाधीन पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप, विश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार दुबे, सहायक अवर निरीक्षक नरसिंह उरांव और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर इस अवैध धंधे में शामिल अन्य कड़ियों और मुख्य सप्लायरों का पता लगाने में जुटी है।


