
Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में फरियाद लेकर पहुंची महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा किए गए दुष्कर्म के मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पुलिस महकमे की कार्यशैली और जवाबदेही पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा कि जिस थाने में आम जनता अपनी सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाने पहुंचती है, वहीं से खाकी पर इस तरह के गंभीर आरोप लगना कानून-व्यवस्था के मुंह पर तमाचा है।
व्यवस्था के रखवाले ही भक्षक बनें तो न्याय की उम्मीद कैसे
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पति के साथ घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची पीड़िता के साथ वहां पदस्थापित एक वायरलेस ऑपरेटर ने दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। यह घटना सीधे तौर पर पुलिस व्यवस्था की आंतरिक निगरानी और संवेदनशीलता पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करती है। उन्होंने सवाल किया कि यदि अपनी पीड़ा और गुहार लेकर थाने के दरवाजे तक पहुंचने वाली महिलाएं ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक आखिर पुलिस से किस सुरक्षा की उम्मीद रखेगा। जिस तंत्र पर लोगों के जान-माल की रक्षा का दायित्व है, उसी का कर्मी ऐसी हरकत करे तो यह बेहद चिंताजनक है।

चीख-पुकार के बावजूद साथी पुलिसकर्मियों ने नहीं की मदद
घटनाक्रम के अनुसार पति से विवाद के बाद महिला देर रात सुरक्षा की आस में गम्हरिया थाने पहुंची थी। आरोप है कि थाने में विश्राम के दौरान वहां तैनात वायरलेस ऑपरेटर ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता ने जब इसका कड़ा विरोध करते हुए शोर मचाया, तब भी मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उसकी कोई सहायता नहीं की। इस दर्दनाक घटना के बाद पीड़िता ने अपने पति को पूरी बात बताई और थाने में विधिवत लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की तहकीकात के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। साथ ही घोर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
केवल सस्पेंशन काफी नहीं, सेवा से बर्खास्त करने की मांग
चंपाई सोरेन ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस तरह के जघन्य मामले में केवल खानापूर्ति के लिए निलंबन जैसी विभागीय कार्रवाई कतई पर्याप्त नहीं होगी। आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ बिना किसी रियायत के कठोर कानूनी धाराएं लगाकर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलना चाहिए और दोषी पाए जाने पर उसे तत्काल सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि इस बिंदु की भी गहन जांच होनी चाहिए कि जब पीड़िता चीख रही थी, तब ड्यूटी पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे बचाने का प्रयास क्यों नहीं किया। उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी वारदातों से जनता का पुलिस से विश्वास उठ जाता है, जिसे बहाल करने के लिए सख्त नजीर पेश करना बेहद जरूरी है।


