
Ranchi: अर्नब तूफान के गुजरने के तुरंत बाद बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम तेजी से गहराते हुए डीप डिप्रेशन और फिर चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। दो नवंबर तक यह खाड़ी क्षेत्र में सक्रिय रहेगा और तीन नवंबर की सुबह 100 से 110 किलोमीटर प्रतिघंटे की तेज रफ्तार के साथ गंभीर चक्रवाती तूफान बनकर आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा।
झारखंड पर आंशिक असर, बादल छाने और हल्की बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक इस चक्रवाती तूफान का आंशिक प्रभाव झारखंड में भी महसूस किया जाएगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दिन के समय तापमान में मामूली बढ़त देखी जा सकती है, जबकि शाम ढलते ही और रात के वक्त ठंडक का अहसास बढ़ेगा।

मध्यम बारिश की संभावना कम, दिवाली पर मौसम रहेगा साफ
मौसम विज्ञानी के अनुसार यदि बादलों में नमी का स्तर बढ़ता है और वे नीचे आते हैं तो कुछ स्थानों पर मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है, हालांकि फिलहाल इसकी संभावना काफी कम है। पांच नवंबर से पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है। धनतेरस और दीपावली के त्योहार के दौरान मौसम खुला और सुहावना बने रहने का पूर्वानुमान जताया गया है।


