
Jharkhand High Court: राजधानी रांची समेत झारखंड के विभिन्न शहरों में स्थित बार और रेस्टोरेंट में नशीले पदार्थों की कथित अवैध आपूर्ति, देर रात तक संचालन और नियमों की अनदेखी को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है। रांची निवासी सुनील कुमार महतो की ओर से दायर इस याचिका में राज्य सरकार, पुलिस विभाग, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और रांची नगर निगम (RMC) को पक्षकार बनाते हुए जवाबदेह ठहराने और पूरे नेटवर्क की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है।
गांजा, कोकीन, MDMA और कफ सिरप की बरामदगी का दिया हवाला
याचिका में अदालत का ध्यान हाल के महीनों में राज्यभर में पकड़ी गई नशीले पदार्थों की बड़ी खेपों की ओर दिलाया गया है। प्रार्थी के अनुसार, सितंबर और अक्टूबर महीने के दौरान विभिन्न जिलों से भारी मात्रा में गांजा, कोकीन, एमडीएमए (MDMA) और प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किए गए हैं। याचिका में प्रमुख मामलों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि अकेले दुमका में 1,710 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप और 7,200 अल्प्राजोलम गोलियां पकड़ी गईं, शहरी इलाकों से लगभग 97 किलो गांजा जब्त हुआ, खूंटी में 120 बोतल कफ सिरप और देवघर में गांजा व संदिग्ध ब्राउन शुगर की बरामदगी हुई है। इन बरामदगियों से स्पष्ट है कि राज्य में संगठित नशा तस्करों का नेटवर्क तेजी से पैर पसार रहा है।

निर्धारित समय के बाद भी संचालन, नाबालिगों को नशा परोसने का आरोप
याचिकाकर्ता ने गंभीर आरोप लगाया है कि रांची के कई प्रमुख बार और रेस्टोरेंट आबकारी और स्थानीय प्रशासन द्वारा तय समयसीमा के बाद भी देर रात तक धड़ल्ले से संचालित किए जा रहे हैं। याचिका में यह भी कहा गया है कि इन स्थानों पर नियमों को ताक पर रखकर नाबालिगों को शराब और अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थ आसानी से उपलब्ध कराए जाने की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में फंस रही है।
जवाबदेही तय करने और कठोर कार्रवाई की मांग
प्रार्थी ने हाईकोर्ट से आग्रह किया है कि युवाओं के भविष्य और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस पूरे मामले में सख्त न्यायिक हस्तक्षेप किया जाए। याचिका में पुलिस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और उत्पाद विभाग को संयुक्त रूप से बार-रेस्टोरेंट की आकस्मिक जांच (Surprise Inspection) करने, सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा करने, समयसीमा का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द करने और नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) को ध्वस्त करने के लिए ठोस दिशा-निर्देश जारी करने की प्रार्थना की गई है।


