
Ranchi: दिल्ली में आयोजित ‘DAV नेशनल स्पोर्ट्स 2026’ में रांची के होनहार खिलाड़ी प्रशांत सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वुशु प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया है। प्रशांत ने फाइनल मुकाबले में हरियाणा के मजबूत प्रतिद्वंद्वी अंशुल कुमार को पराजित कर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 900 DAV विद्यालयों के चयनित खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। प्रशांत की इस व्यक्तिगत सफलता के साथ-साथ शानदार टीम वर्क के बदौलत झारखंड की टीम ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रनर-अप का खिताब हासिल किया।


कांके के बाल गांव के रहने वाले हैं प्रशांत, पहले भी जीत चुके हैं सिल्वर मेडल
प्रशांत सिंह रांची जिले के कांके प्रखंड अंतर्गत बाल गांव के निवासी हैं और DAV नीरजा सहाय पब्लिक स्कूल के छात्र हैं। प्रशांत की इस सफलता के पीछे उनके निरंतर अभ्यास, कड़े अनुशासन और लगन का हाथ है। इससे पहले भी वह DAV राष्ट्रीय वुशु प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक (Silver Medal) जीत चुके हैं। राष्ट्रीय मंच पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रशांत ने खुद को वुशु खेल का एक उभरता हुआ प्रतिभाशाली खिलाड़ी साबित किया है।
स्कूल प्राचार्या और खेल शिक्षकों ने दी बधाई, गांव में खुशी की लहर
प्रशांत की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर DAV नीरजा सहाय पब्लिक स्कूल की प्राचार्या किरण यादव, खेल शिक्षक उपेंद्र कुमार एवं प्रकाश कश्यप ने गहरा हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। स्कूल प्रबंधन ने प्रशांत की जीत को पूरे विद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया। वहीं, प्रशांत के परिजनों, शिक्षकों और बाल गांव के स्थानीय लोगों ने भी मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


