
Gumla: गुमला जिले के रायडीह प्रखंड स्थित कोबजा गांव में सरना आदिवासी समुदाय और स्थानीय ग्रामीणों ने एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया। बैठक में सामूहिक रूप से निर्णय लेते हुए इलाके में ईसाई धर्म के पास्टर और पादरियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया। इस निर्णय को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए गांव में स्थायी बैनर-पोस्टर भी लगाए गए हैं। इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पुरुष, महिलाएं और आदिवासी समुदाय के कई गणमान्य लोग शामिल हुए।


धर्मांतरण से पौराणिक संस्कृति को नुकसान पहुंचाने का आरोप
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ईसाई समुदाय के लोग क्षेत्र में लगातार धर्मांतरण करवाकर आदिवासियों की मूल संस्कृति, परंपराओं और पहचान को नष्ट करने की साजिश रच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना था कि अपनी सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक अस्तित्व को बचाने के लिए यह सख्त कदम उठाना अनिवार्य हो गया था।

पेशा कानून और 5वीं अनुसूची के तहत ग्राम सभा की शक्ति का हवाला
कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद निशा उरांव ने कहा कि लगातार हो रहा धर्मांतरण आज पूरे सरना समाज के लिए बेहद चिंता का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार यह क्षेत्र पांचवीं अनुसूची के तहत आता है, जहां पेशा कानून (PESA Act) लागू है। पेशा कानून के तहत ग्राम सभा को अपनी परंपराओं और स्वायत्तता की रक्षा के लिए सर्वोच्च शक्तियां प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि इसी कानून के तहत ग्राम सभा ने अपनी संवैधानिक शक्ति का प्रयोग करते हुए पास्टर और पादरियों के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला लिया है।


