
Ranchi Crime News: राजधानी रांची में ट्रैवल एजेंसी के नाम पर लग्जरी गाड़ियां किराए पर लेकर उनके फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उन्हें बाजार में बेचकर करोड़ों रुपये ऐंठने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का रांची पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। ओरमांझी थाना पुलिस और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला सहित तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 4 महंगी लग्जरी गाड़ियां और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
रातू रोड में खोली थी फर्जी ‘यात्रा’ ट्रैवल एजेंसी


पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने वाहन मालिकों को झांसे में लेने के लिए रांची के रातू रोड में ‘यात्रा’ नाम से एक फर्जी ट्रैवल एजेंसी का दफ्तर खोला था। आरोपी केवल महंगी और लग्जरी गाड़ियों के मालिकों से संपर्क साधते थे और उन्हें हर महीने भारी-भरकम किराया देने का भरोसा दिलाते थे। विश्वास जमाने के लिए शुरुआती दो से तीन महीने तक तय किराया दिया जाता था। इसके बाद गिरोह गाड़ियों के फर्जी कागजात तैयार कर उन्हें अन्य राज्यों या स्थानीय खरीदारों को औने-पौने दाम में बेच देता था और खुद दफ्तर बंद कर फरार हो जाता था।
महिला समेत 3 आरोपी सलाखों के पीछे

मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि ओरमांझी थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के जरिए दबिश दी। इस कार्रवाई में आपराधिक इतिहास वाले मुख्य आरोपी विश्वजीत कुमार के अलावा मनोज कुमार और दीप्ति कुमारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में गिरोह ने अब तक करीब 25 लग्जरी गाड़ियों को इसी तरीके से गायब कर बेचने की बात कबूल की है। आरोपी पिछले एक महीने से रातू रोड स्थित दफ्तर में ताला लगाकर फरार चल रहे थे।
रांची के कई थानों में दर्ज हैं ऐसे मामले
गाड़ियों को रेंट पर लेकर खपाने का यह खेल सिर्फ एक इलाके तक सीमित नहीं है। रांची के कोतवाली, सुखदेव नगर, अरगोड़ा और डोरंडा थाना क्षेत्रों में भी इस तरह की धोखाधड़ी के मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में दिल्ली से रेंट पर ली गई दो लग्जरी कारों को दिल्ली और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने कांके थाना क्षेत्र से बरामद किया था।
गाड़ी रेंट पर देने से पहले बरतें पूरी सावधानी
ग्रामीण SP गौरव गोस्वामी ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे ज्यादा किराए के लालच में आकर किसी भी ट्रैवल एजेंसी को अपनी गाड़ी सौंपने से पहले उसकी कानूनी वैधता, दफ्तर और संचालकों का पूरा सत्यापन (वेरिफिकेशन) अवश्य कराएं। किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें ताकि ठगी से बचा जा सके।


