
Dhanbad News: धनबाद स्थित CBI दफ्तर में CSIR-CIMFR के एक कर्मचारी के साथ पूछताछ के दौरान कथित तौर पर मारपीट का संगीन मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी विवेक सिंह ने मीडिया के सामने आकर आपबीती सुनाई और आरोप लगाया कि CBI अधिकारी संदीप सिंह, दीपक मीणा और दो अन्य लोगों ने मिलकर उन्हें डंडे और लात-घूंसों से करीब तीन घंटे तक बुरी तरह पीटा। पीड़ित का कहना है कि बेरहमी से की गई इस कथित पिटाई की वजह से उनकी दाहिनी जांघ पर गंभीर चोटें और कटने के निशान आ गए हैं, जिससे उन्हें चलने-फिरने में भारी परेशानी हो रही है।
मानदेय घोटाले में पूछताछ
यह पूरा मामला 29 अक्टूबर 2026 का बताया जा रहा है। पीड़ित विवेक सिंह के मुताबिक उन्हें पूर्व निदेशक से जुड़े कथित मानदेय वितरण घोटाले के सिलसिले में पूछताछ के लिए धनबाद स्थित CBI कार्यालय बुलाया गया था। उन्हें सुबह 10:30 बजे दफ्तर पहुंचने का निर्देश मिला था। विवेक का आरोप है कि पूछताछ के दौरान जब जांच अधिकारियों को उनके मनमुताबिक जवाब नहीं मिले, तो संदीप सिंह और दीपक मीणा समेत चार लोगों ने अचानक आपा खो दिया और उन पर लात-घूंसों और डंडों से हमला बोल दिया।

प्रबंधन से शिकायत
कथित मारपीट के बाद CSIR-CIMFR के डॉक्टर ने पीड़ित कर्मचारी की गंभीर शारीरिक स्थिति को देखते हुए उन्हें एक हफ्ते के बेड रेस्ट की सलाह दी है। पीड़ित ने CIMFR के उच्च पदाधिकारियों को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले से अवगत कराया है और इंसाफ की गुहार लगाई है। विवेक सिंह का कहना है कि किसी भी स्वतंत्र जांच एजेंसी के कार्यालय में एक नागरिक के साथ इस तरह का अमानवीय सलूक होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हालांकि इस पूरे मामले पर CBI की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान या पक्ष सामने नहीं आया है और सभी की नजरें CIMFR प्रबंधन के अगले रुख पर टिकी हैं।


