
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में एनडीए की ओर से सोमवार को पदयात्रा का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बेगूसराय के प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव शामिल हुए। पदयात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के नारों से शहर का माहौल गूंजता रहा।
पदयात्रा के दौरान एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उनका आरोप था कि विपक्ष देश में अराजकता का माहौल बनाने और सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।

विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप
एनडीए नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष विभिन्न एजेंडे के जरिए भीड़ जुटाकर सरकार के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब ऐसे मुद्दों से ऊपर उठकर विकास को प्राथमिकता दे रही है।
नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार देशहित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देश और विदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
गिरिराज सिंह बोले- कांग्रेस को मोदी की लोकप्रियता हजम नहीं
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के पिछड़े वर्ग से आते हैं और उनकी लोकप्रियता कांग्रेस नेताओं को स्वीकार नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं को यह बात हजम नहीं हो रही कि नरेंद्र मोदी जनता के चहेते कैसे बने और प्रधानमंत्री पद तक कैसे पहुंचे।
गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में राजतंत्र जैसी व्यवस्था कायम करने की सोच रखने वाले लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
राम कृपाल यादव ने लोगों से की अपील
बेगूसराय के प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव ने भी लोगों से विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे कथित भ्रम से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह की साजिश और भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है, उससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
राम कृपाल यादव ने विश्वास जताया कि जनता देश के विकास के लिए काम करने वालों के पक्ष में अपना समर्थन देती रही है और आगे भी ऐसा ही करेगी। पदयात्रा के दौरान एनडीए नेताओं ने कार्यकर्ताओं से विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाने और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।


