
Bokaro: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने राज्य सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के तहत पैसे देकर सरकार ने असल में भैया यानी राज्य के युवाओं का भविष्य छीनने का काम किया है। उन्होंने साफ कहा कि महज पच्चीस सौ रुपये थमा देने से महिला सशक्तीकरण नहीं हो सकता। सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार देने के बजाय उन्हें महज चुनावी योजनाओं तक सीमित कर रही है।
मयूरडूबी में शहीदों की स्मारक बेदी का हुआ भूमि पूजन
सुदेश महतो रविवार को अमाइनगर पंचायत के मयूरडूबी में झारखंड आंदोलन के अमर सेनानी लीलू बाउरी, हीरू बाउरी और पटल बाउरी के 49वें शहादत दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शहीदों की प्रस्तावित स्मारक बेदी का विधि-विधान से भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य निर्माण आंदोलन में बाउरी समाज का बलिदान अद्वितीय रहा है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि पूरे राज्य का मान बढ़ाने वाले इन तीनों आंदोलनकारियों को आज तक आधिकारिक तौर पर शहीद का दर्जा नहीं दिया गया।

शहादत के इतिहास को सामने लाने और प्रतिमा लगाने का ऐलान
आजसू सुप्रीमो ने घोषणा की कि आजसू परिवार इन शहीदों को उनका वाजिब हक और सम्मान दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगा। अगले वर्ष आयोजित होने वाले 50वें शहादत दिवस को राज्य स्तर पर ऐतिहासिक और भव्य रूप से मनाया जाएगा। साथ ही गांव में तीनों वीरों की आदमकद प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग से प्रेरणा ले सकें।
रोजगार के अभाव में अबुआ राज बना बबुआ राज
सरकार पर हमला तेज करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि जल, जंगल, जमीन के नाम पर बनी सरकार में अबुआ राज पूरी तरह बबुआ राज में तब्दील हो चुका है। नौकरियों में व्यापक धांधली, युवाओं के साथ वादाखिलाफी और महिलाओं पर बढ़ते अपराध ने जनता का भरोसा तोड़ दिया है। उन्होंने युवाओं से अपने स्वाभिमान और अधिकारों के लिए जागरूक होने का आह्वान किया।
हजारों आंदोलनकारियों का सत्यापन लंबित, पूर्व विधायकों ने भी बोला हमला
सभा को संबोधित करते हुए गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि जिस सपने के साथ झारखंड राज्य का गठन हुआ था, आज भ्रष्टाचार के चलते वह पूरी तरह चकनाचूर हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यभर के 58 हजार से अधिक वास्तविक आंदोलनकारियों के आवेदन आज भी सत्यापन के नाम पर दफ्तरों में धूल फांक रहे हैं। इस श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, काशीनाथ सिंह, राजेश मेहता, राजेश महतो, मिथिलेश महतो और बलराम बाउरी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


