
Deoghar News: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHLSA) की ओर से सोमवार को देवघर सिविल कोर्ट परिसर में भव्य राज्य स्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (NALSA) के मॉड्यूल के तहत आयोजित इस विशाल शिविर का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत ने किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम ने त्वरित न्याय और जन कल्याण के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है।
शीर्ष न्यायपालिका के दिग्गजों की रही गरिमामयी मौजूदगी
इस राज्य स्तरीय समारोह में न्यायपालिका के कई शीर्ष चेहरे मौजूद रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस एस चंद्रशेखर और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह शामिल हुए। वहीं झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश सह झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद और हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस रोंगन मुखोपाध्याय की विशेष रूप से मौजूदगी रही। शीर्ष जजों की उपस्थिति में जरूरतमंदों को त्वरित राहत और न्याय दिलाने पर जोर दिया गया।

रांची और पलामू को मिली लीगल ऐड क्लिनिक की सौगात
उद्घाटन समारोह के दौरान आम जनता को सुलभ कानूनी मदद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य अतिथि CJI जस्टिस सूर्यकांत ने वर्चुअल माध्यम से पलामू और रांची जिलों में नए लीगल ऐड क्लिनिकों का उद्घाटन किया। इन नए केंद्रों की शुरुआत से ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों के गरीब नागरिकों तक मुफ्त कानूनी सहायता की पहुंच और ज्यादा आसान हो जाएगी।
पीड़ितों को आर्थिक चेक और हजारों लाभुकों को बंटी परिसंपत्तियां
सशक्तिकरण शिविर के मंच से आपराधिक वारदातों और विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के पीड़ितों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए सहायता राशि के चेक सौंपे गए। साथ ही प्रोजेक्ट शिशु के तहत जरूरतमंद बच्चों और पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सामग्री और कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिया गया। शिविर में हजारों पात्र परिवारों के बीच सरकारी योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण किया गया, जिससे अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे।


