
Bokaro News: बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर (जय तुलसी के पास कमल टी स्टॉल) में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक को कार सवार लोग अपने साथ बैठाकर ले गए। घटना के बाद पूरे शहर में देखते ही देखते युवक के अपहरण की खबर आग की तरह फैल गई। अपहृत युवक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई। सोनू के भाई राहुल कुमार ने बताया कि जब वे दुकान पहुंचे, तो आसपास के प्रत्यक्षदर्शी दुकानदारों ने सोनू को जबरन कार में ले जाने की जानकारी दी, जिससे हड़कंप मच गया।
पुलिस ने किया स्थिति साफ, साइबर अपराध मामले में हुई है कार्रवाई
अपहरण की खबर से उपजे तनाव के बीच बोकारो पुलिस ने पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट की है। पुलिस ने साफ किया कि सोनू कुमार का कोई अपहरण नहीं हुआ है, बल्कि चतरा पुलिस की टीम उसे साइबर अपराध से जुड़े एक मामले में पूछताछ और जांच के लिए हिरासत में लेकर गई है। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि चतरा पुलिस ने कार्रवाई करने से पहले स्थानीय थाने को विधिवत सूचना दी थी। उन्होंने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।



