
Bokaro News: बोकारो में मोटरसाइकिल चोरी की लगातार सामने आ रही वारदातों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पूरा मामला सेक्टर-4 थाना क्षेत्र का है, जहां श्रीकांत कुमार की मोटरसाइकिल चोरी होने के बाद पुलिस ने कांड संख्या 85/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी। बढ़ते मामलों को देखते हुए SP के निर्देश पर सिटी DSP राजीव रंजन की अगुवाई में एक स्पेशल टीम बनाई गई, जिसने सटीक सुराग जुटाते हुए गिरोह के तीन सदस्यों पप्पू सिंह, अमरेन्द्र गोस्वामी और नारायण तुरी को धर दबोचा।
🚨 बोकारो पुलिस की कार्रवाई — वाहन चोरी गिरोह का खुलासा!
सेक्टर-04 थाना कांड संख्या 85/2026 में मोटरसाइकिल चोरी की घटना का उद्भेदन करते हुए बोकारो पुलिस ने विशेष टीम गठित कर 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक ऑटो एवं 3 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व में भी कई आपराधिक कांडों में संलिप्तता का इतिहास रहा है।
बोकारो पुलिस का संकल्प — अपराधियों पर प्रहार, अपराध पर लगाम और आमजन की सुरक्षा।
— BOKARO POLICE (@bokaropolice) November 2, 2026
चोरी के वाहन बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने जब पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उनकी निशानदेही पर चोरी के कई वाहन बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ऑटो रिक्शा और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। सिटी DSP राजीव रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह शहरी इलाकों में रेकी कर दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था और मौका मिलते ही गाड़ियां उड़ा ले जाता था।

तीनों भेजे गए जेल
छानबीन के दौरान पुलिस को आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी मिले हैं। गिरफ्तार पप्पू सिंह और अमरेन्द्र गोस्वामी के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं तीसरे आरोपी नारायण तुरी का भी पुराना आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 2 नवंबर को तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों की पड़ताल जारी है।


