
Ranchi: राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान यानी रिम्स के निदेशक प्रो. डॉ. दिपेन्द्र कुमार सिन्हा को झारखंड सरकार ने छह महीने का सेवा विस्तार दे दिया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने सोमवार को इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी। सरकारी आदेश के मुताबिक डॉ. सिन्हा 1 नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक अथवा सरकार के अगले आदेश तक संस्थान के निदेशक पद की कमान संभालते रहेंगे।
शासी परिषद की बैठक में बनी थी सहमति
डॉ. दिपेन्द्र कुमार सिन्हा 31 अक्टूबर 2026 को अपनी तय सेवानिवृत्ति उम्र पूरी कर चुके थे। इससे पहले रिम्स शासी परिषद की 66वीं बैठक में निदेशक के कार्यकाल को आगे बढ़ाने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा कर सहमति जताई गई थी। राज्य सरकार का मानना है कि रिम्स जैसे बड़े अस्पताल में प्रशासनिक, वित्तीय और शैक्षणिक कार्यों के सुगम संचालन के साथ साथ मरीजों की उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं में किसी तरह का व्यवधान न आए, इसलिए उनकी सेवा अवधि छह महीने बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

सहकर्मियों और अस्पताल कर्मियों ने दी शुभकामनाएं
निदेशक पद पर सेवा विस्तार मिलने की खबर से रिम्स परिसर में खुशी का माहौल देखा गया। अधिसूचना जारी होने के बाद रिम्स के डीन, चिकित्सा अधीक्षक, सब डीन, अपर चिकित्सा अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ चिकित्सकों, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. डी.के. सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। साथी डॉक्टरों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संस्थान के विकास और जनसेवा के कार्यों को लगातार नई गति मिलती रहेगी।


