
Medininagar Traffic Jam: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में दिनोंदिन गंभीर होती ट्रैफिक समस्या और आए दिन लगने वाले भीषण जाम को लेकर अब जनआक्रोश और मांगें तेज हो गई हैं। रोजाना के ट्रैफिक संकट से आम नागरिकों, व्यापारियों, मरीजों और स्कूली बच्चों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है। इसी कड़ी में छतरपुर पूर्वी के जिला परिषद सदस्य सह फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पलामू प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पलामू प्रक्षेत्र के DIG किशोर कौशल से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा।
प्रमुख चौराहों पर सुबह से शाम तक रेंगते हैं वाहन
DIG को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि मेदिनीनगर शहर का भौगोलिक दायरा और आबादी दोनों तेजी से बढ़े हैं, जिसके साथ ही निजी और व्यावसायिक गाड़ियों की तादाद में भारी इजाफा हुआ है। शहर के मुख्य बाजार, छहमुहान, बैरिया चौक, बस स्टैंड, अस्पताल चौक, कचहरी परिसर और विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के आसपास सुबह से देर शाम तक भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। त्योहारी सीजन के दौरान यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है। सड़कों के किनारे अनियंत्रित पार्किंग और बेतहाशा अतिक्रमण के चलते मौजूदा यातायात प्रबंधन पूरी तरह चरमरा चुका है।

अलग ट्रैफिक थाने और DSP की तैनाती से ही निकलेगा हल
प्रतिनिधिमंडल ने जोर देकर कहा कि सामान्य पुलिस व्यवस्था के भरोसे इतनी बड़ी समस्या का त्वरित और स्थायी समाधान संभव नहीं है। शहर में सड़क सुरक्षा पुख्ता करने, अवैध पार्किंग रोकने और नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए मेदिनीनगर में एक अलग सुसज्जित ट्रैफिक थाने की स्थापना करना बेहद अनिवार्य हो गया है। इसके साथ ही एक समर्पित ट्रैफिक DSP की पदस्थापना होने से शहरवासियों को रोजाना के इस सिरदर्द से बड़ी राहत मिल सकेगी।
इस दौरान मांग पत्र सौंपने पहुंचे दल में पलामू चेंबर के उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल, पंकज जायसवाल और अंशुल उदयपुरिया भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।


